कांटा तालाब में बनेगा चौपाटी, निगम के एमआईसी बैठक में दो प्रस्तावों पर बनी सहमति
धमतरी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक 25 फरवरी को महापौर कक्ष में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर रामू रोहरा ने की। इस बैठक का मुख्य एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर चर्चा करना रहा। इस बैठक में कांटा तालाब में चौपाटी और बीटी सड़क निर्माण कार्य के प्रस्ताव पर सहमति बनी है।
बुधवार को नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा के कक्ष में एमआईसी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर के समग्र विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण एवं जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महापौर रोहरा ने कहा कि आगामी बजट पूर्णतः जनहितैषी, पारदर्शी एवं विकासोन्मुखी होगा। प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं, नागरिकों की अपेक्षाओं एवं दीर्घकालिक विकास दृष्टि को ध्यान में रखते हुए बजट का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करते समय मूलभूत सुविधाओं सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर निगम की प्रतिबद्धता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने एमआईसी सदस्यों से अपने-अपने विभागों की कार्ययोजना स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने और आगामी वित्तीय वर्ष में ठोस परिणाम देने का आह्वान किया। इस बैठक में एमआईसी सदस्य नरेंद्र रोहरा, विजय मोटवानी, नीलेश लूनिया, अखिलेश सोनकर, श्याम लाल नेताम, विभा चंद्राकर, हिमानी साहू, युगल किशोर पिंटू यादव ने अपने विभागों से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा किया। इस बैठक में निगम आयुक्त प्रिया गोयल, उपायुक्त पीसी सार्वा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर ने बताया कि नगर निगम के महापौर रामू रोहरा की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहरवासियों को मूलभूत सुविधाओं को बेहतर ढंग से मुहैया कराने को लेकर चर्चा हुई। इसके साथ ही दो प्रमुख प्रस्तावों पर सभी सदस्यों ने सहमति दी है। जिसमें कांटा तालाब में चौपाटी निर्माण कार्य और एनएच 30 से हरफतराई रोड तक नहर के दाई ओर बीटी सड़क निर्माण कार्य के प्रस्ताव पर सहमति बनी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

