home page

अंबिकापुर : शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

 | 
अंबिकापुर : शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद


अंबिकापुर, 07 जून (हि.स.)। सरगुजा पुलिस द्वारा जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है, जिसके बाद आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में रविवार काे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने आज रविवार काे बताया कि ग्राम दोरना निवासी 20 वर्षीय कमल राज यादव 5 जून काे अपनी भाभी का इलाज कराने के लिए अंबिकापुर स्थित श्रीराम अस्पताल आया था। अस्पताल के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े पार कर दी। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) और 111 के तहत अपराध पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामानुजगंज नाका क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक मुकेश चेरवा (26) को धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर मायापुर स्थित रूनझून तालाब के समीप छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुकेश चेरवा वाहन चोरी के मामलों का आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

जिला पुलिस के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह