home page

हाईस्कूल कोलियारी में उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस

 | 
हाईस्कूल कोलियारी में उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस


बच्चों ने लगाए व्यंजनों के स्टॉल, खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह

धमतरी, 14 नवंबर (हि.स.)। शासकीय हाईस्कूल कोलियारी में शनिवार को बाल दिवस मनाया गया। बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन, ऋषभ देवांगन, सरपंच ज्योति श्यामु सोनकर एवं प्राचार्य केसी महोबिया उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य केसी महोबिया ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा और कल्याण के प्रति समाज को जागरूक करने का विशेष अवसर है। बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी भय के अपनी प्रतिभा को निखार सकें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकें। जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। देश और समाज की प्रगति के लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ बेहतर संस्कार देना बेहद जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है, वहीं संस्कार उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि बाल दिवस हमें बाल श्रम, बाल दुर्व्यवहार और शोषण जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति सजग रहने का संदेश भी देता है। बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए समाज एवं सरकार को मिलकर प्रयास करना चाहिए। विद्यालयों में इस तरह के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए, जहां बच्चों ने अपनी पाक कला और रचनात्मकता का परिचय दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अंत में शाला परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को मिठाई वितरित की गई। इस अवसर पर व्याख्याता परमेश्वरी सोनवानी, रजनी बाबर, तुलेश गंजीर, बीके तिवारी, रेखा पटेल, स्वाति भोंसले, आरती ध्रुव सहित शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता रेखा पटेल ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा