home page

सूरजपुर में 49 हजार बच्चों ने एक साथ सीखा ‘सतर्क’, शब्दबीज नवाचार को मिला नया विस्तार

 | 
सूरजपुर में 49 हजार बच्चों ने एक साथ सीखा ‘सतर्क’, शब्दबीज नवाचार को मिला नया विस्तार


सूरजपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले की प्राथमिक शालाओं में बच्चों की शब्दावली बढ़ाने के लिए संचालित ‘शब्दबीज’ नवाचार को अब सामूहिक सीखने की पहल से जोड़ा गया है। कलेक्टर रेना जमील की प्रेरणा से शुरू की गई ‘एक जिला-एक शब्द’ पहल के तहत आज शुक्रवार को जिले की पहली से पांचवीं कक्षा तक के करीब 49 हजार बच्चों ने एक साथ सप्ताह का साझा शब्द ‘सतर्क’ सीखा।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों को नए शब्द सिखाने के साथ उनमें सामूहिक रूप से सीखने की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से बच्चे यह अनुभव कर सकेंगे कि वे अकेले नहीं, बल्कि जिले के हजारों अन्य विद्यार्थियों के साथ एक ही शैक्षणिक गतिविधि का हिस्सा हैं। अलग-अलग गांवों और विद्यालयों के बच्चों के एक ही दिन समान शब्द सीखने से उनके बीच साझा सीखने का वातावरण तैयार होगा।

जिले की प्राथमिक शालाओं में पहले से संचालित ‘शब्दबीज’ कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को प्रतिदिन एक नया शब्द सिखाया जाता है। इससे उनकी शब्द-संपदा बढ़ाने और भाषा संबंधी समझ विकसित करने पर ध्यान दिया जाता है। अब ‘एक जिला-एक शब्द’ पहल के जरिए इस व्यक्तिगत सीखने की प्रक्रिया को पूरे जिले के विद्यार्थियों के सामूहिक अनुभव से जोड़ा गया है।

इस पहल के तहत शिक्षक साझा शब्द का अर्थ समझाने के साथ उसके सही उच्चारण, वाक्य में प्रयोग और दैनिक जीवन में उपयोग से जुड़ी गतिविधियां करा सकेंगे। इससे बच्चों को शब्दों को समझने और व्यवहार में उनका प्रयोग करने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर भाषा कौशल विकसित करने के साथ बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय