home page

खेल-खेल में मासूम ने निगला पांच रुपये का सिक्का, जिला अस्पताल की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

 | 
खेल-खेल में मासूम ने निगला पांच रुपये का सिक्का, जिला अस्पताल की सतर्कता से टला बड़ा हादसा


खेल-खेल में मासूम ने निगला पांच रुपये का सिक्का, जिला अस्पताल की सतर्कता से टला बड़ा हादसा


धमतरी, 23 मई (हि.स.)। शहर के सोरिद वार्ड में शनिवार को खेल-खेल में हुई एक छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे से बच गई। छह वर्षीय मासूम बच्ची ने खेलते समय पांच रुपये का सिक्का निगल लिया, जिसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। बच्ची की हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की तत्परता से गंभीर स्थिति टल गई।

जानकारी के अनुसार, सोरिद वार्ड निवासी गंगा ठाकुर की पुत्री अनन्या ठाकुर घर में खेल रही थी। इसी दौरान उसने गलती से पांच रुपये का सिक्का निगल लिया। कुछ ही देर बाद बच्ची को तकलीफ होने लगी और गले से खून आने पर स्वजन घबरा गए। तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल की ओपीडी में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश देवांगन ने प्राथमिक जांच के बाद तुरंत एक्स-रे कराने की सलाह दी। एक्स-रे रिपोर्ट ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. यू.एल. कौशिक एवं सीएमएचओ को दिखाई गई, जिसमें राहत की बात यह रही कि सिक्का सांस की नली में फंसने के बजाय खाने की नली में गया था।

सांस की नली में फंसता तो बन सकती थी जानलेवा स्थिति

ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. यू.एल. कौशिक ने बताया कि यदि सिक्का सांस की नली में चला जाता तो बच्ची की जान को गंभीर खतरा हो सकता था और तत्काल आपातकालीन प्रक्रिया करनी पड़ती। उन्होंने कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचना और जांच कराना इस मामले में बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ। डॉक्टरों ने फिलहाल बच्ची की स्थिति सामान्य बताते हुए उसे केला और पानी देने की सलाह दी है। साथ ही रविवार को फॉलोअप जांच के लिए दोबारा अस्पताल बुलाया गया है।

फ्रूटी खरीदने के बाद बचे सिक्के से खेल रही थी बच्ची

बच्ची के पिता गंगा ठाकुर ने बताया कि उन्होंने अनन्या को 10 रुपये फ्रूटी खरीदने के लिए दिए थे। फ्रूटी लेने के बाद बचे हुए पांच रुपये के सिक्के से वह खेल रही थी, तभी अचानक उसने उसे निगल लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा