बलरामपुर : स्कूली बच्चों को पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच की दी गई जानकारी
बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। बच्चों को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने के लिए आज मंगलवार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन और महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की अनुचित घटना की सूचना तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्य भी समझाए गए। इसके अलावा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सरल भाषा में उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। साथ ही सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने तथा सीखी गई बातों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

