home page

जिले में शिशु संरक्षण माह 2026 का हुआ शुभारंभ

 | 
जिले में शिशु संरक्षण माह 2026 का हुआ शुभारंभ


17 मार्च से 21 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान

धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)। जिले में शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिशु संरक्षण माह 2026 का शुभारंभ मंगलवार को जिला अस्पताल धमतरी में किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. अरुण टंडन, डॉ. आदित्य सिन्हा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जे.पी. दीवान, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रिया कंवर और हॉस्पिटल कंसल्टेंट गिरिश कश्यप सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शिशु संरक्षण माह का मुख्य उद्देश्य नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना है। इसके लिए समय पर टीकाकरण और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं बेहद जरूरी हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नियमित टीकाकरण कराएं और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान 17 मार्च से 21 अप्रैल तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के बच्चों को आवश्यक टीके लगाए जाएंगे। इसके साथ ही कुपोषण की पहचान, विटामिन-ए की खुराक, आयरन सप्लीमेंट और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

कार्यक्रम में शिशुओं के समग्र विकास के लिए जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। माताओं को शिशु देखभाल, संतुलित पोषण, स्तनपान के महत्व और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए शिशु संरक्षण माह का अधिकतम लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा