home page

बलरामपुर : स्कूलों में बच्चों को बाल सुरक्षा और अधिकारों की दी गई जानकारी, पॉक्सो एक्ट पर किया गया जागरूक

 | 
बलरामपुर : स्कूलों में बच्चों को बाल सुरक्षा और अधिकारों की दी गई जानकारी, पॉक्सो एक्ट पर किया गया जागरूक


बलरामपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बच्चों और किशोर-किशोरियों को सुरक्षित एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से आज बुधवार काे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोधा और शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय कछिया में बाल संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और उनके अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में विस्तार से बताया गया।

अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि सुरक्षित बचपन उनका अधिकार है। यदि कभी वे किसी शोषण या असहज स्थिति का सामना करें, तो बिना झिझक अपने माता-पिता, शिक्षकों या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से संपर्क करें। इस दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान कराई गई तथा किसी भी अनुचित घटना की तुरंत जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को उसके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है, ताकि सुरक्षित बचपन और सशक्त भविष्य की मजबूत नींव तैयार की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय