डिजिटल मंचों पर गूंजेगी छत्तीसगढ़ की खूबसूरती, इन्फ्लुएंसर मीट से प्रदेश के पर्यटन को मिलेगी वैश्विक पहचान
अम्बिकापुर, 29 जून (हि.स.)। डिजिटल माध्यमों के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए एक अनोखी पहल की गई है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा 26 से 30 जून 2026 तक पांच दिवसीय 'इन्फ्लुएंसर मीट एवं फेमिलराइजेशन (फेम) टूर' का आयोजन किया जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के नेतृत्व, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य के कुशल संचालन और उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा के निर्देशन में इस कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इस अभिनव प्रयास के तहत राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रदेश के चुनिंदा पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया के सामने आ सके।
इस पांच दिवसीय दौरे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मैनपाट, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सतरेंगा और ऐतिहासिक रामगढ़ महोत्सव का प्रत्यक्ष अनुभव ले रहे हैं। इस यात्रा के दौरान वे यहां की मनोहारी वादियों, तिब्बती संस्कृति, झरनों, विशाल जलाशयों, जनजातीय परंपराओं और स्थानीय लोककलाओं को करीब से देख रहे हैं। इन्फ्लुएंसर्स इन खूबसूरत नजारों को अपने कैमरों और शब्दों में कैद कर विभिन्न डिजिटल मंचों के लिए आकर्षक फोटो, वीडियो और रचनात्मक कंटेंट तैयार कर रहे हैं। इनके माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन वैभव की झलक सोशल मीडिया के जरिए करोड़ों दर्शकों तक पहुंचेगी।
आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर्यटन के प्रचार-प्रसार का सबसे सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का यह नवाचार न केवल राज्य को देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों में स्थापित करेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। इस अभियान से प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, हस्तशिल्प, ग्रामीण पर्यटन और लोककला को बढ़ावा मिलेगा। 30 जून को समाप्त होने वाले इस आयोजन के बाद भी पर्यटन विभाग भविष्य में ऐसे प्रभावी और अभिनव प्रचार अभियान निरंतर जारी रखने की योजना बना रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

