home page

चेन्नई के मीडिया अध्ययन दल ने कोंडागांव का किया भ्रमण, पुनर्वास नीति की सराहना

 | 
चेन्नई के मीडिया अध्ययन दल ने कोंडागांव का किया भ्रमण, पुनर्वास नीति की सराहना


कोंडागांव, 16 अगस्त (हि.स.)। प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), चेन्नई, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 17 से 22 अगस्त तक मीडिया परिचय यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में पीआईबी चेन्नई के डायरेक्टर अरुण कुमार पी. के नेतृत्व में मीडिया प्रतिनिधियों के अध्ययन दल ने आज रविवार को कोंडागांव जिले का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री एवं शबरी एम्पोरियम का अवलोकन किया।

मीडिया प्रतिनिधियों ने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा से मुलाकात कर जिले में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से तमिल भाषा के शब्दों का प्रयोग कर संवाद करते हुए बस्तर में माओवाद के प्रभाव में मुक्त होने के बाद आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिनिधियों को बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन स्थलों एवं प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करने के लिए आमंत्रित किया।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित माओवादियों एवं प्रभावित परिवारों के बेहतर पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र हितग्राहियों को आवास सहित 29 से अधिक शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ा जा रहा है। मीडिया दल ने शासन की पुनर्वास नीति की सराहना की।

मीडिया दल ने शबरी एम्पोरियम में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कलाकृतियों एवं अन्य हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया और उनकी कलात्मकता एवं विशिष्टता से अभिभूत हुए। इसके बाद दल ने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का भ्रमण कर वस्त्र निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी ली। प्रतिनिधियों ने फैक्ट्री में कार्यरत महिलाओं से संवाद कर उन्हें मिल रहे रोजगार एवं रोजगार से उनके जीवन में आए बदलावों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीएम अजय उरांव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे