शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यालय एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु चांदमारी में हुई बैठक
रायगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी में आज शनिवार को चांदमारी परिसर अंतर्गत तीनों शालाओं शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी के समस्त शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाॅफ की बैठक प्राचार्य कक्ष में हुई। यह बैठक शासन के मंशानुरूप शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यालय विकास एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु रखा गया था।
बैठक में प्राचार्य भरत लाल नामदेव ने विगत सप्ताह हुई बैठक बिंदुओं के क्रियान्वयन/पालन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सी जीवीएस के एप में कोई समस्या आने पर विद्यालय में अवकाश होने उपरांत समग्र शिक्षा में पदस्थ भूपेन्द्र पटेल (नोडल अधिकारी) एवं बीआरसी कार्यालय में संपर्क करके समस्या का निराकरण करेंगे। तत्पश्चात प्राचार्य के निर्देश अनुसार प्रधान पाठक शासकीय रविशंकर प्राथमिक शाला डॉ. मनीषा त्रिपाठी ने बैठक में अन्य बिंदुओं यथा एफएलएन पर क्रियान्वयन पूर्ण रूप से करने, माहवार कक्षावार -विषयवार पाठ्यक्रम पूर्ण कर पंजी संधारण करके स्वप्रमाणित कर प्राचार्य द्वारा हस्ताक्षरित करवाकर पाठ्यक्रम पूर्णता का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने, सभी विषयों हेतु नवाचार कर अध्यापन कार्य करने काे कहा। कक्षा 5वीं एवं 8वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों का क्रमशः अगली कक्षा में प्रवेश प्रधान पाठक द्वारा सुनिश्चित करने, विद्यालय स्तर पर आगमन -निगमन पंजी का सुव्यवस्थित संधारण करने, शासकीय आदेश के परिपालन में कर्तव्य निर्वहन करने हेतु तदाशय की प्रविष्टि तिथि व समय सहित अभिलेख व सूचना पंजी में करने पश्चात् ही उक्त कार्य हेतु गमन/प्रस्थान करने, शत् प्रतिशत यूडाइस प्रोग्रेसन कार्य करना सह इस कार्य हेतु कैम्प आयोजन की तिथि का अवलोकन कर यूडाइस प्रोग्रेसन कार्य पूर्ण करने की सलाह दी गई।
व्हाट्स एप ग्रुप में शासन द्वारा समय-समय पर प्रसारित शासकीय आदेशों/निर्देशों का निरन्तर अवलोकन कर उनका पालन करने, शासन द्वारा जारी डिजिटल व्यवस्था सेतु सेवा पोर्टलमें जाकर/तहसील कार्यालय में संपर्क स्थापित कर विद्यार्थियों के आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र बनवाने, समस्त विद्यार्थियों के पोर्टफोलियो डी एफ सी साइज के रजिस्टर में बनाने, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति एवं समस्त शिक्षकों/स्टाफ की उपस्थिति में आगामी दिवस में सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत कक्षा नवमी में नवप्रवेशी छात्राओं को निशुल्क सायकल वितरण, विद्यालय एवं संकुल स्तर पर कार्य-योजना बनाकर मंगलवार तक उसकी कापी प्राचार्य के समक्ष प्रस्तुत करने, विद्यार्थियों का साप्ताहिक/मासिक मूल्यांकन लेकर पंजी संधारण करने एवं उनकी उत्तरोत्तर प्रगति हेतु सफल प्रयास करने, प्रतिदिन कक्षा -कार्य एवं गृह कार्य देने,समूह विभाजन कर शैक्षणिक अधिगम हेतु गतिविधियां करवाने, शिक्षकों को हाव -भाव एवं अभिनय के साथ शिक्षण करने, बच्चों में कौशल का विकास करने,करके सीखने की क्रिया पर बल देने, शिक्षण प्रक्रिया में बच्चों की पूर्ण सहभागिता होने, शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने हेतु सहायक शिक्षण सामग्री का अधिकाधिक उपयोग करने, पुस्तकालय की पुस्तकों को बच्चों व शिक्षकों को पढ़ने व पंजी संधारण करने, संकुल स्तर पर त्रैमासिक पत्रिका का प्रकाशन करने,शैक्षणिक गतिविधियों पर आधारित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए शिक्षकों से चर्चा की गई एवं आवश्यक सुझाव लिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

