home page

चमोली सुरंग हादसा में छत्तीसगढ़ के चार मजदूरों की मौत , मुख्यमंत्री साय ने परिजनों के लिए की सहायता की घोषणा

 | 
चमोली सुरंग हादसा में छत्तीसगढ़ के चार मजदूरों की मौत , मुख्यमंत्री साय ने परिजनों के लिए की सहायता की घोषणा


रायपुर21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दुःखद घटना में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के 4 श्रमिकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने बीती देर रात मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख तथा हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

इस हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के 2, मदनार के 1 और दहीकोंगा के 1 श्रमिक की मृत्यु हुई है, जबकि जिले के 2 श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार दुःख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने हादसे में घायल दोनों श्रमिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल