home page

चक्रधरनगर पुलिस ने बिछड़े मासूम को परिवार से मिलाया

 | 
चक्रधरनगर पुलिस ने बिछड़े मासूम को परिवार से मिलाया


रायगढ़ 11 मई (हि.स.)। रायगढ़ शहर के चक्रधरनगर थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक बिछड़े मासूम बच्चे को उसके परिवार से सुरक्षित मिलाया।

पुलिस से आज साेमवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 मई की रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कमला नेहरू गार्डन के पास लगभग 4 से 5 वर्ष का एक बालक अकेले और परेशान हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।

पुलिस द्वारा बच्चे से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम बताया तथा मिट्ठूमुडा क्षेत्र का रहने वाला होना बताया। इसके बाद पुलिस टीम बीती देर रात बच्चे को साथ लेकर मिट्ठूमुडा पहुंची और परिजनों की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्चे का लगभग 8 वर्षीय बड़ा भाई मिला। दोनों बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस उन्हें सुरक्षित घर लेकर पहुंची, जहां बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया गया।

अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिवारजनों ने चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान