home page

बलरामपुर : नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चैती छठ महापर्व, व्रतियों ने किया व्रत का आरंभ

 | 
बलरामपुर : नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चैती छठ महापर्व, व्रतियों ने किया व्रत का आरंभ


बलरामपुर, 22 मार्च (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व चैती छठ का शुभारंभ आज रविवार को नहाय-खाय के साथ हुआ। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में व्रतियों ने पारंपरिक विधि से कद्दू-भात और चना दाल ग्रहण कर व्रत की शुरुआत की, वहीं बदले मौसम ने भी श्रद्धालुओं को राहत दी है।

चैती छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर रामानुजगंज में सुबह से ही श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। व्रतियों ने नदी-तालाबों में स्नान कर शुद्धता के साथ भगवान सूर्य की उपासना का संकल्प लिया। इसके बाद घरों में विधिपूर्वक कद्दू-भात (कद्दू चावल) और चना दाल बनाकर प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया गया, जिसे व्रत की शुरुआत का महत्वपूर्ण चरण माना जाता है।

इस दौरान पूरे क्षेत्र में छठ पर्व की तैयारी को लेकर उत्साह नजर आया। घरों और घाटों की साफ-सफाई के साथ पूजा सामग्री जुटाने का क्रम भी शुरू हो गया है। बाजारों में भी पूजा से जुड़े सामानों की खरीदारी बढ़ गई है।

इधर, मौसम में आए बदलाव ने व्रतियों को बड़ी राहत दी है। तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। यह अनुकूल मौसम आगामी छठ पर्व के अन्य अनुष्ठानों खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दौरान व्रतियों के लिए सहायक साबित होगा।

उल्लेखनीय है कि, चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में सूर्य देव और छठी मैया की आराधना के माध्यम से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। प्रशासन की ओर से भी घाटों पर व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय