home page

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के लिए भारी से बेहद भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

 | 
छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के लिए भारी से बेहद भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी


रायपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी ) ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बेहद भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के सिस्टम की वजह से राज्य में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। इसकी वजह से अगले 3 दिनों तक पूरे राज्य में मॉनसून एक्टिव रहने वाला है।

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा बिलासपुर और सरगुजा संभाग तथा उनसे लगे हुए जिलों (विशेषकर रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर और सरगुजा) के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी तथा अत्यधिक भारी वर्षा (204 मिमी से अधिक) के लिए रेड वार्निंग/अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज व येलो अलर्ट की चेतावनी हैं।रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा और बलौदाबाजार समेत आस-पास के जिलों में तेज हवाओं (40 से 60 किमी/घंटा) के साथ गरज-चमक और झमाझम बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने मेघगर्जन (आकाशीय बिजली) और तेज हवाओं को लेकर लोगों को पेड़ों के नीचे न खड़े होने तथा जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को एहतियात बरतने और जलमग्न रपटों (पुलों) को पार न करने की हिदायत दी है।

मौमस विभाग ने बताया कि प्रदेश में गुरुवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई।सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रायपुर में करीब 2 डिग्री तक तापमान गिरा है।वर्षा के मुख्य आंकड़ों के अनुसार केल्हारी, कुटरू, सुकमा और वाड्रफनगर में 5-5 सेमी बारिश हुई।वहीं बलरामपुर, समरी और दंतेवाड़ा में 3-3 सेमी, जबकि कुसमी, जगरगुंडा, रघुनाथ नगर, कटेकल्याण, बीजापुर, गीदम और तोंगपाल में 2-2 सेमी वर्षा हुई। इसके अलावा दोरना पाल, सरसीवा, लटोरी, जनकपुर-भरतपुर, सोनहत, कोटाडोल, छिंदगढ़ और बगीचा में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा