छग विधानसभा : रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर हंगामा,कांग्रेसी विधायक हुए निलंबित
रायपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन शून्यकाल में रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भारी हंगामा हुआ। नकटी मामले को लेकर विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव लाया। स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार होने और भारी हंगामे के बाद कई कांग्रेसी विधायकों को निलंबित कर दिया गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के मकानों पर की गई कार्रवाई मानवाधिकारों का उल्लंघन है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इस कार्रवाई को पूरी तरह संवैधानिक बताया और स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की यह प्रक्रिया कानून के पूर्ण पालन के बाद की गई।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सदन में बताया कि एक शिकायत के आधार पर नोटिस जारी किया गया था, और बेदखली की कार्रवाई न्यायालयीन प्रक्रिया का पालन करने के बाद ही की गई। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे विधानसभा में प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस ने कहा कि बुलडोजर कल्चर भाजपा शासित राज्यों में बढ़ रहा है। सरकार ने अपनी ही पार्टी के सांसद का मान नहीं रखा। विपक्ष ने पूरे मामले पर सदन में चर्चा कर सरकार से जवाब मांगा। हंगामे और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। सदन के वेल में आने और नारेबाजी करने के कारण स्पीकर ने हंगामा कर रहे कांग्रेस विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया।
स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया, जिसके बाद विपक्ष ने गर्भगृह में जाकर नारेबाजी की। सभी कांग्रेस विधायक निलंबित कर दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

