home page

छत्तीसगढ़ विधान सभा में चौथे दिन आज वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा होगी

 | 
छत्तीसगढ़ विधान सभा में चौथे दिन आज वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा होगी


रायपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज गुरुवार काे चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे। वहीं आज के सत्र में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा की शुरुआत भी होगी।

प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल राज्य में कस्टोडियल डेथ के मामलों को लेकर सवाल उठाएंगे। इसके साथ ही जेलों में स्वीकृत क्षमता से अधिक कैदियों के बंद होने का मुद्दा भी सदन में रखा जाएगा।

जबकि बीजेपी विधायक भावना बोहरा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर सरकार से जानकारी मांगेंगी। वहीं, बीजेपी विधायक विक्रम उसेंडी राज्य में लागू नक्सल पुनर्वास नीति की स्थिति पर प्रश्न करेंगे।

विधायक शकुंतला पोर्ते तकनीकी संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर सवाल उठाएंगी। वहीं धरमलाल कौशिक 108 एम्बुलेंस सेवा के टेंडर प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेंगे।राजधानी रायपुर के फॉर्महाउस में अवैध गतिविधियों और रेव पार्टियों के आयोजन का मुद्दा विधायक चातुरी नंद उठाएंगी।

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए शराब दुकानों और आहता के आवंटन, स्थान चयन के लिए स्पष्ट मापदंड तय नहीं किए जाने का मुद्दा उठाएंगे।

प्रश्नकाल के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे। इसके साथ ही ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से विधायक सुनील सोनी और अंबिका मरकाम जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाएंगे।

इसके अलावा सभापति विक्रम उसेंडी प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। विधायक कुंवर सिंह निषाद और सुशांत शुक्ला याचिकाएं पेश करेंगे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी अलग-अलग समितियों के निर्वाचन से जुड़े प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत करेंगे। मंत्री रामविचार नेताम अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के निर्वाचन से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा