home page

छग विधानसभा : विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्टें आज सदन के पटल पर रखी जाएंगी

 | 
छग विधानसभा : विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्टें आज सदन के पटल पर रखी जाएंगी


रायपुर, 09 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के आज 6वें दिन सदन की कार्यवाही आज साेमवार काे सुबह 11 बजे से शुरू होगी। कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसके बाद विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्टें सदन के पटल पर रखी जाएंगी।वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई महत्वपूर्ण विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा भी की जाएगी।

विपक्ष दुर्ग जिले में भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती के खुलासे के बाद इस मामले को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायकों की ओर से इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव (स्थगन प्रस्ताव) लाने की तैयारी की जा रही है।

पार्टी का कहना है कि प्रदेश में सूखा नशा के कारोबार को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं और अब भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती सामने आने से सरकार के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इसके साथ ही धान खरीद , राशन व्यवस्था, आंगनबाड़ी और कुपोषण जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरने की तैयारी है। प्रश्नकाल में खाद्यमंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री के विभाग से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री रामविचार नेताम पत्रों को पटल पर रखेंगे।आज विधायक भावना बोहरा, ब्यास कश्यप ध्यानाकर्षण लगाएंगे।सभापति गोमती साय प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगी।

अनुदान मांगों पर आज से चर्चा शुरू होगी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा अनुदान मांगों पर चर्चा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा