home page

नशे के खिलाफ युवाओं की हुंकार, सात महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटक और रैली से दिया संदेश

 | 
नशे के खिलाफ युवाओं की हुंकार, सात महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटक और रैली से दिया संदेश


धमतरी, 20 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ युवाओं ने एकजुट होकर स्वस्थ और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। जिले में चल रहे ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत बुधवार को सात महाविद्यालयों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद, शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, सुखराम नागे शासकीय महाविद्यालय नगरी, शासकीय महाविद्यालय आमदी, छत्तीसगढ़ महतारी महाविद्यालय भखारा और यशवंत राव मेघावाले शासकीय महाविद्यालय मगरलोड में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, चित्रकला, स्लोगन लेखन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को सामने रखा। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए नशे से दूरी बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।

कार्यक्रमों का संचालन संबंधित महाविद्यालयों में पदस्थ मेरा युवा भारत प्रभारी प्राध्यापकों और कैंपस एम्बेसडरों ने किया। जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ने युवाओं को नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की धुरी है और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें नशामुक्ति का संदेशवाहक बनाना है, ताकि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने विकसित और नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा