छग. टीचर्स एसोसिएशन बस्तर ने बाढ़ प्रभाविताें काे पाठ्य एवं राहत सामग्री का किया वितरण
जगदलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रति वर्ष 05 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिवस शिक्षकों के योगदान, उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने का अवसर होता है। उक्त दिवस विशेष पर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के द्वारा बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों के बीच पहुंच कर पाठ्य सामग्री तथा राहत सामग्री का वितरण किया गया।
टीचर्स एसोशिएशन ने हायर सेकेंडरी स्कूल तूरेनार, माध्यमिक शाला भाटागुड़ा, प्राथमिक शाला भाटागुड़ा एवं बालवाड़ी में विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। साथ ही ग्रामीण परिवारों को राहत सामग्री के रूप में कपड़े, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
पाठ्य सामग्री प्राप्त होने पर बच्चों में उत्साह और खुशी दिखाई दी।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। समाज जब संकट में हो, तब बच्चों और समुदाय के साथ खड़े होकर उनकी शिक्षा एवं भविष्य को सुरक्षित रखना भी शिक्षक की सामाजिक जिम्मेदारी है। बाढ़ ने भले ही कई परिवारों के जीवन को प्रभावित किया हो, लेकिन बच्चों की प्रतिभा, उम्मीद और शिक्षा की लौ को बुझने नहीं दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रवीण श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, रूपेश चौहान, डॉ तुलादास मानिकपुरी, मनीष अहीर, संगीता वर्मा, सरिता यादव, बसंत यादव, संजीव श्रीवास्तव, बबीता देवांगन, रोशन तिर्की, शारदा राव, यू सुजाता, सुनीता जैन, संगीता, नीलमणि साहू सहित छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, शिक्षकगण, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

