home page

भटगांव पंचायत में उत्साह से मना छत्तीसगढ़ राज्योत्सव

 | 
भटगांव पंचायत में उत्साह से मना छत्तीसगढ़ राज्योत्सव


धमतरी , 01 नवंबर (हि.स.)। शहर से लगे ग्राम पंचायत भटगांव में एक नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान में राजकीय गीत का सामूहिक गायन भी किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत कार्यालय में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुई। सरपंच फागू राम साहू, उपसरपंच डामेश्वर साहू, पंचायत सचिव अभिषेक तिवारी और वार्ड पंचों ने इसमें भाग लिया। इसके बाद गांव के मुख्य चौक पर स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर राज्योत्सव मनाया गया।

इस अवसर पर सरपंच फागू राम साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की लोकसंस्कृति, परंपराओं और आपसी मेलजोल से है। राज्य स्थापना दिवस इन विशेषताओं को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव के विकास कार्यों में मिलकर योगदान देने और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में पंच दुष्यंत साहू, सुदामा देवांगन, सविता देवांगन, अत्री साहू, महेश्वरी ध्रुव, लता देवांगन, तुलाराम, कंप्यूटर आपरेटर यामिनी सिन्हा, महेंद्र कुमार साहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा