छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में 33 विभूतियों एवं संस्थाओं को मिलेगा राज्य अलंकरण, सरकार ने घोषित किए नाम
-आदिवासी उत्थान से लेकर साहित्य, खेल, कला-संस्कृति और चिकित्सा तक उत्कृष्ट योगदान देने वालों का होगा सम्मान
रायपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव-2026 के अवसर पर प्रदेश की 33 विभूतियों एवं संस्थाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार ने रविवार को सम्मानित होने वाली विभूतियों एवं संस्थाओं के नामों की घोषणा की। इनमें सामाजिक चेतना, आदिवासी उत्थान, महिला सशक्तीकरण, खेल, साहित्य, कला-संस्कृति, चिकित्सा, कृषि, सहकारिता, श्रम, पर्यटन और सिनेमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्व शामिल हैं।
राज्य अलंकरणों के माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाओं, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। घोषित सूची में कई राष्ट्रीय स्तर के सम्मान भी शामिल हैं। प्रमुख सम्मानित व्यक्तियों एवं संस्थाओं के नाम इस प्रकार हैं।
इन विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण
शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए धमतरी के दुमन लाल ध्रुव को दिया जाएगा।
यति यतनलाल सम्मान अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी (दुर्ग) को मिलेगा।
गुण्डाधूर सम्मान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरबा की संजू देवी को प्रदान किया जाएगा।
मिनीमाता सम्मान महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए लोक आस्था सेवा संस्थान, गरियाबंद (लता नेताम) को मिलेगा।
गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को प्रदान किया जाएगा।
ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार सहकारिता के क्षेत्र में प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट (बस्तर) को दिया जाएगा।
हबीब तनवीर सम्मान समकालीन रंगकर्म के लिए रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को मिलेगा।
महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान तीरंदाजी के लिए बालोद के टोमन कुमार को प्रदान किया जाएगा।
पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, बिलासपुर को दिया जाएगा।
पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान हिन्दी साहित्य के लिए रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को मिलेगा।
चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को प्रदान किया जाएगा।
दाऊ मंदराजी सम्मान लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रायपुर की रेखा जलक्षत्री को मिलेगा।
डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट को प्रदान किया जाएगा।
महाराजा अग्रसेन सम्मान सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को मिलेगा।
धन्वन्तरि सम्मान आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा एवं शोध के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को प्रदान किया जाएगा।
श्रीमती विलासादेवी कॅवट मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को मिलेगा।
राजेश्री महत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को प्रदान किया जाएगा।
डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर को दिया जाएगा।
स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, कुकुरडीह सीमेंट वर्क्स, बलौदाबाजार को मिलेगा।
पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान अपराध अनुसंधान के लिए रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को प्रदान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को मिलेगा।
किशोर साहू सम्मान हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में योगदान के लिए रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) को प्रदान किया जाएगा।
लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की साधना यादव को मिलेगा।
देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार सी.एल. रात्रे (आरंग, रायपुर) को प्रदान किया जाएगा।
खुमान साव सम्मान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को मिलेगा।
लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकार को प्रदान किया जाएगा।
किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के लिए रायपुर के मोहन सुंदरानी को मिलेगा।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान विधि के क्षेत्र में दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला एवं रायपुर के हेमंत कुमार मिश्र को प्रदान किया जाएगा।
माता बहादुर कलारिन सम्मान महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए कांकेर की बुलबुल बैद्या को मिलेगा।
पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को प्रदान किया जाएगा।
डॉ. तीजन बाई सम्मान पंडवानी कला के लिए दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को मिलेगा।
चेन्दूरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय 'सनी' को प्रदान किया जाएगा।
संत रविदास सम्मान सामाजिक समानता, साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को मिलेगा।
राज्य सरकार द्वारा घोषित इन अलंकरणों के माध्यम से प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक विरासत को समृद्ध करने में योगदान देने वाली विभूतियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में इन पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

