निम्न दबाव के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर तेज, कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
रायपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी है। बस्तर और सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त माह के अंत तक वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज सोमवार को सामान्यतः मेघमय आकाश रहने तथा गरज-चमक के साथ वर्षा या बौछारें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्र में बना निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इस प्रणाली से संबद्ध द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक विस्तृत है।
सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
प्रदेश में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा एमसीबी जिले के कोटाडोल में दर्ज की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेंटीमीटर, जबकि छुरा, नांगार में 7 सेंटीमीटर तथा सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया सहित कई जिलों में मध्यम वर्षा, तेज हवा और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर, बलरामपुर सहित अन्य जिलों के लिए हल्की वर्षा की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

