मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट किया जारी
रायपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।
बिलासपुर, मुंगेली, रायपुर और दुर्ग सहित कई जिलों में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। प्रदेश के लगभग 15 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसमी प्रणाली के अगले 48 घंटों में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर बढ़ते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और सरगुजा संभाग के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश (115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक) होने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में 2 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहने की संभावना है। शहर के कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम के अनुमान के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर बादलों और बारिश की स्थिति को देखते हुए लोगों को बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी जा रही है।
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, बेमेतरा, कबीरधाम,सरगुजा और बलरामपुर सहित कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मंगलवार को छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक वर्षा चांदो क्षेत्र में 15 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके बाद रामचंद्रपुर में 12 सेंटीमीटर बारिश हुई। रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेंटीमीटर, जबकि बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेंटीमीटर बारिश हुई। बलौदा बाजार, सोनाखान तथा जनकपुर-भरतपुर में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा दौरा कोचली, भाटापारा और भटगांव में 4-4 सेंटीमीटर तथा मुकडेगा, बसना, कसडोल, लटोरी, पिथौरा और पलारी में लगभग 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई स्थानों पर भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है ।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

