दिसंबर में नगरपालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम-उप चुनाव, निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी
रायपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर ने नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के दिसंबर 2026 में होने वाले आम एवं उप निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने संबंधी पुनरीक्षण कार्यक्रम मंगलवार को जारी कर दिया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन हेतु कुल 417 पदों जिसमें 04 नगरपालिक निगम क्रमशः भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली एवं बीरगांव के महापौर, 13 अध्यक्ष, 400 पार्षद तथा उप निर्वाचन हेतु 01 अध्यक्ष एवं 06 पार्षद पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है।
इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए कुल 814 पदों जिसमें जनपद पंचायत सदस्य के 01, सरपंच के 92 तथा पंच के 721 के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्वाचक नामावली दिनांक 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार तैयार की जा रही है।
निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन दिनांक 23.10.20 को किया जाकर दावा आपत्ति प्राप्त किये जायेगे। दावा आपत्ति के निराकरण पश्चात् दिनांक 30.11.2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के लिए सभी 33 जिलों हेतु कुल 33 निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जायेगें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

