छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
रायपुर , 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बालोद, कांकेर, रायगढ़ और बलौदाबाजार जिलों में अत्यधिक भारी बारिश (रेड अलर्ट )की चेतावनी दी है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है है।जबकि (गरज-चमक के साथ बारिश): सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है । लगातार हो रही बारिश से बस्तर से लेकर रायपुर, मध्य छत्तीसगढ़, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के चलते कई नदी-नाले ओवरफ्लो हो गए हैं।
बस्तर संभाग, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। कई गांवों का जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट गया है। गरियाबंद जिले में पिछले 18 घंटे से लगातार जारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पैंटोरा नाले में तेज बहाव के कारण गरियाबंद-रायपुर नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं मोहरा पुल के आगे टर्निग मोड़ पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। हाईवे बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोग घंटों से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।जानकारी के मुताबिक शिकासेर जलाशय से लगभग 35,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, सोढ़हूल नदी भी पूरे उफान पर बह रही है। देर रात तक हुई लगातार बारिश के कारण जिले के कई नाले, नदी और संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं।ग्रामीणों के अनुसार हाईवे बंद होने की वजह से बारूका गांव में करीब 300 राहगीर बुधवार दोपहर से ही फंसे हुए हैं।
रायपुर जिले में इस जुलाई माह में बारिश का नया रिकॉर्ड बन गया है। जिले में अब तक 59 सेंटीमीटर पानी बरस चुका है, जो सामान्य से 27प्रतिशत अधिक है। वहीं, पूरे प्रदेश में अब तक कुल 59 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 12 फीसदी कम है। पिछले 24 घंटों में बचेली में 20 सेंटीमीटर और रायपुर में 15 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
बीती रात प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

