कटंगी नाला पर एनीकट निर्माण हेतु कराेड़ाें की राशि स्वीकृत, 100 हेक्टेयर में मिलेगी सिंचाई सुविधा
रायपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन जल संसाधन विभाग द्वारा आज साेमवार काे महासमुंद जिले के विकासखण्ड सराईपाली अंतर्गत ग्राम अमलडीह स्थित कटंगी नाला पर एनीकट निर्माण कार्य के लिए 2 करोड़ 99 लाख 87 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने पर क्षेत्र में निस्तारी सुविधा में वृद्धि होगी तथा भू-जल स्तर के संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। साथ ही, स्थानीय किसानों को स्वयं के संसाधनों के माध्यम से लगभग 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि की संभावना है।उक्त योजना के क्रियान्वयन हेतु मुख्य अभियंता महानदी गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य शासन द्वारा क्षेत्रीय जल संसाधनों के समुचित उपयोग एवं किसानों की आय वृद्धि के उद्देश्य से इस प्रकार की योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

