छत्तीसगढ़ में आज मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
रायपुर, 19 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि कुछ क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है। रायपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात, हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि होने के आसार बने हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में दो प्रमुख मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। मध्य प्रदेश के मध्य भाग में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका भी नमी ला रही है, जिससे वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों सहित कुल 19 जिलों में अंधड़, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना जताई है।बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में विशेष रूप से ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इनमें देवभोग 50 एमएम सेमी, करपावंड में 40 एमएम , देवकर में 2 एमएम बारिश हुई है।मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों (जैसे गरियाबंद, धमतरी, बालोद) में कल से ही बारिश और ओले गिरे हैं ।
बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 35.2°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 19.2°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.6°C रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

