छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (लालपुर) ने झारखंड और उसके आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश में 31 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मानसून की द्रोणिका सक्रिय होने से राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) की प्रबल संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने बताया कि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। रायगढ़, बिलासपुर, नारायणपुर, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, कोरिया में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा रायपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। बस्तर अंचल के जिलों में भी सामान्य से अधिक वर्षा के कारण निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
राज्य में इस समय कुल वर्षा का आंकड़ा लगभग सामान्य की श्रेणी में बना हुआ है। यह सामान्य औसत का करीब 99 से 100 प्रतिशत है। हालांकि, अगस्त के मध्य-अंत के बीच कुछ दिनों तक मानसून थोड़ा सुस्त रहा, जिससे राज्य स्तर पर कुछ समय के लिए करीब 6 प्रतिशत की मामूली कमी भी दर्ज की गई थी। कुल मिलाकर राज्य में बारिश का वितरण असमान है, जिससे कुछ हिस्से सूखे हैं और कुछ में बहुत अच्छी बारिश हुई है।
26 अगस्त तक प्रदेश में 863.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 882.4 मिमी है। इस तरह प्रदेश में सामान्य बारिश से महज 2 फीसदी की कमी रह गई है। जिसमें नारायणपुर और बस्तर संभाग के कुछ अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 994 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है, जो इसके सामान्य औसत से लगभग 77 फीसदी अधिक है। वहीं दूसरी ओर, सरगुजा जिले में अब तक सबसे कम 288.2 मिमी वर्षा हुई है, जो इसके सामान्य औसत का महज 65.1प्रतिशत है। यहाँ करीब 35 प्रतिशत बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

