home page

बलरामपुर : रामानुजगंज में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई शाखा का आधुनिक भवन में वर्चुअल शुभारंभ

 | 
बलरामपुर : रामानुजगंज में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई शाखा का आधुनिक भवन में वर्चुअल शुभारंभ


बलरामपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। मंगलवार को रामानुजगंज में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा का नवीन भवन में स्थानांतरण के बाद वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया गया। प्रधान कार्यालय रायपुर से आयोजित कार्यक्रम के जरिए नई शाखा का उद्घाटन हुआ, जिसके साथ ही ग्राहकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैंकिंग सेवाएं शुरू हो गईं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय से वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) प्रमोद कुमार सिंह, शाखा प्रबंधक अमित कुमार, अधिकारी पंकज कुमार सहित शाखा के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में बैंक ग्राहक भी शामिल हुए।

नई शाखा को फूलों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरी तरह वातानुकूलित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन ने ग्राहकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में आए ग्राहकों का स्वागत किया गया और उनके लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

इस दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं के साथ-साथ डिजिटल और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्राहकों से अधिक से अधिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।

बैंक प्रबंधन ने बताया कि नई शाखा के संचालन से क्षेत्र के ग्राहकों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय