छत्तीसगढ़ के चार संभागों के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में
रायपुर, 11 दिसंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के चार संभागों के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं। रायपुर के माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अम्बिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद आदि जगहों में सीट लहर की चेतावनी जारी दी है। 7 शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा और जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर के माना में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, बिलासपुर में 9.8 डिग्री, पेंड्रारोड में 8.6 डिग्री, अम्बिकापुर में 5 डिग्री, जगदलपुर में 9.1 डिग्री, दुर्ग में 9 डिग्री और राजनांदगांव में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस, माना में 28.5 डिग्री, बिलासपुर में 27.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 25.6 डिग्री, अम्बिकापुर में 25.3 डिग्री, जगदलपुर में 29.4 डिग्री, राजनांदगांव में 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।सुबह के समय घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक तापमान और नीचे जा सकता है। विशेषकर सुबह और देर शाम के समय सर्द हवाएँ तेज रफ्तार से चलने की संभावना है, जिससे शीतलहर की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

