छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र
मंडल की आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की जानकारी लेने नागरिकों में दिखा उत्साह
डोम एच 1 के स्टॉल क्रमांक 11 पर उपलब्ध आवासों, आवासीय परियोजनाओं एवं जनसुविधाओं की दी जा रही विस्तृत जानकारी
रायपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का विभागीय स्टॉल नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राज्योत्सव के पहले दिन मंडल के स्टॉल पर बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंचे और विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं, उपलब्ध मकानों तथा आवासीय परियोजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रदेश के नागरिकों को किफायती, गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने की दिशा में मंडल द्वारा किए जा रहे प्रयासों और संचालित योजनाओं के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राज्योत्सव परिसर में मंडल का विभागीय स्टॉल डोम एच1 के स्टॉल क्रमांक 11 पर स्थापित किया गया है। यहां मंडल की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं, उपलब्ध संपत्तियों तथा नागरिक सुविधाओं की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। स्टॉल पर पहुंचने वाले नागरिक अपनी आवश्यकता, बजट एवं पसंद के अनुरूप उपलब्ध आवासीय विकल्पों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
आवासीय योजनाओं के प्रति नागरिकों में दिखा उत्साह
राज्योत्सव के पहले दिन मंडल के स्टॉल पर पहुंचे आगंतुकों ने विभिन्न जिलों में संचालित आवासीय योजनाओं और उपलब्ध मकानों के संबंध में विशेष रुचि दिखाई। नागरिकों ने आवासों की उपलब्धता, स्थान, कीमत, बुकिंग प्रक्रिया तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। स्टॉल पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगंतुकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
मंडल द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से नागरिकों को विभिन्न आवासीय विकल्पों के बारे में समझने और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप निर्णय लेने में सुविधा मिल रही है। विशेष रूप से स्वयं का घर खरीदने के इच्छुक नागरिकों के लिए यह स्टॉल उपयोगी जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
आवासीय सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास की उपलब्धियों से परिचित हो रहे नागरिक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल प्रदेश में आवासीय सुविधाओं के विस्तार के साथ अधोसंरचना विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। मंडल द्वारा आवासीय योजनाओं को नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने, उपलब्ध संपत्तियों के बेहतर उपयोग तथा आवास संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंडल की गतिविधियों का विस्तार अब आवास निर्माण के साथ-साथ अधोसंरचना विकास के विभिन्न क्षेत्रों में भी किया जा रहा है। राज्योत्सव में स्थापित विभागीय स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को मंडल की योजनाओं, गतिविधियों और उपलब्धियों से परिचित कराया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने राज्योत्सव में आने वाले नागरिकों से डोम एच1 स्थित स्टॉल क्रमांक 11 का अवलोकन कर विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया है। मंडल का प्रयास है कि प्रदेश के अधिक से अधिक नागरिकों तक बेहतर आवासीय सुविधाओं और उपलब्ध योजनाओं की जानकारी पहुंचे तथा अपने घर का सपना साकार करने की दिशा में उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

