home page

रामलला दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था हुआ रवाना

 | 
रामलला दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था हुआ रवाना


धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रभु श्रीरामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था गुरुवार को भक्ति और उत्साह के साथ अयोध्या के लिए रवाना हुआ। जनपद कार्यालय के सामने आयोजित कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा और जनपद अध्यक्ष अंगिरा धुव्र ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रभु श्रीराम का स्मरण किया और मंगलमय यात्रा की कामना की गई।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रभु श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मर्यादा और आदर्श जीवन के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन सत्य, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और अनुशासन का संदेश देता है, जो हर व्यक्ति के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं में दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और हर कोई इस दिव्य अनुभव का भागी बनना चाहता है। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की धार्मिक यात्राएं व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और समाज में भाईचारा, एकता तथा सद्भाव को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान संयम, अनुशासन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, ताकि यात्रा सुखद और सुरक्षित रहे। महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हमेशा तत्पर है और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। जत्थे की विदाई के समय उपस्थित लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा