home page

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राहुल गांधी के बस्तर प्रवास की पुष्टि

 | 
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राहुल गांधी के बस्तर प्रवास की पुष्टि


जगदलपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी जल्द ही बस्तर दौरे पर आ सकते हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राहुल गांधी के बस्तर दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों के मुद्दे को लेकर प्रदेशस्तर पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत बस्तर से होगी।

दीपक बैज ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को लूटकर उद्योगपतियों के हाथों बेचा जा रहा है। इसे लेकर बस्तर से लेकर सरगुजा तक लगातार आंदोलन चल रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर जनता आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी चिंतित है। प्रदेश की जनता की आवाज को व्यापकस्तर पर उठाने के लिए जल्द ही प्रदेशस्तर का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस अभियान की शुरुआत बस्तर से की जाएगी, जिसके बाद इसे प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाया जाएगा। राहुल गांधी के प्रस्तावित बस्तर दौरे को भी इसी आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उनके दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम को लेकर अभी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे