home page

मुख्यमंत्री साय ने कहा छत्तीसगढ़ के लिए उपलब्धियों से भरा रहा सिंगापुर दौरा, 43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं

 | 
मुख्यमंत्री साय ने कहा छत्तीसगढ़ के लिए उपलब्धियों से भरा रहा सिंगापुर दौरा, 43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं


-तीन दिनों की लगातार बैठकों और संवाद से निवेश, कौशल विकास तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए द्वार खुले

रायपुर, 7 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर की सफल यात्रा के बाद आज बुधवार काे रायपुर लौटा। तीन दिवसीय इस दौरे में प्रदेश को 43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुईं। किसी एक विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले यह अब तक के सबसे बड़े निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा, “इस यात्रा ने दुनिया के सामने यह स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। हम निवेश प्रस्तावों के साथ नई साझेदारियां और आगे बढ़ने का स्पष्ट रोडमैप लेकर लौटे हैं। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (एसआईएनजी) फोरम-2026’ में भागीदारी के लिए देश से केवल छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ ने 41,750 करोड़ के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के निवेश प्रस्ताव के साथ कौशल विकास के क्षेत्र में आईटीई एजुकेशन सर्विसेस सिंगापुर के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया। वहीं गांर्डेन बाई द बे और मंदाई वाडल्ड लाइफ ग्रुप जैसी विश्वस्तरीय संस्थाओं के साथ हरित विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल (ईसीजी) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना प्रदेश को देश की उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ी पहल साबित हो सकती है।

इसी प्रकार सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्रा. लि. को सोलर क्षेत्र के साथ साथ 300 मेगावाट की सम्बन्धित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए 1,500 करोड़ का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव भी प्रस्ताव हुआ। वहीं 22 देशों में कार्यरत वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह वैलेंसी इंटरनेशनल प्रा. लि. को 350 करोड़ के एकीकृत एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश आमंत्रण दिया गया। इससे प्रदेश में कृषि उत्पादों की वैल्यू चेन मजबूत होने के साथ किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के नए अवसर बनेंगे।

भविष्य के उद्योगों के लिए प्रदेश के युवाओं को तैयार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने आईटीई एजुकेशन सर्विसेस सिंगापुर के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू किया। इसके अंतर्गत उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और युवाओं के लिए कौशल से रोजगार तक बेहतर अवसर विकसित करने पर काम किया जाएगा।

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (एसबीएफ) द्वारा आयोजित फोरम में छत्तीसगढ़ ने निवेश, उद्योग और विकास के क्षेत्र में अपनी नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। फोरम में सिंगापुर की विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो हौंग, एसबीएफ के चेयरमैन मार्क ली, सीईओ कोक पिंग सून सहित मास्टरकार्ड नेशले और आईएचसीएल (ताज होटल्स) जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।

फोरम के दौरान आयोजित ‘फायरसाइड चैट’ में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विविआन बालकृश्नन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान भारत-सिंगापुर के मजबूत संबंधों को राज्यस्तर पर और विस्तार देने तथा निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में आयोजित सीईओ राउंडटेबल में टीसीएस, एसएमबीसी, टोलाराम ग्रुप और एग्रोकार्प सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल