home page

आज रावघाट तक पहुंचेगी रेल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई रेल सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में होंगे शामिल

 | 
आज रावघाट तक पहुंचेगी रेल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई रेल सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में होंगे शामिल


रायपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित ताड़ोकी-रावघाट एवं अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ भी होगा। साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।

उल्लेखनीय है कि दल्लीराझरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ ही इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूर्णता मिली है। रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही लौह अयस्क के परिवहन, औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है। इससे यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, कुरूद-धमतरी रेल खंड में शेष कार्य प्रगति पर है।

कार्यक्रम के दौरान रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इस सुविधा के विकसित होने पर भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। इससे रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने और प्रदेश में रेल अधोसंरचना को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल