home page

दंतेवाड़ा जिले में अनियंत्रित होकर पलटी बस, 10 से ज्यादा यात्री घायल

 | 
दंतेवाड़ा जिले में अनियंत्रित होकर पलटी बस, 10 से ज्यादा यात्री घायल


दंतेवाड़ा/रायपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और बचेली स्थित एनएमडीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महेंद्र ट्रेवल्स की स्लीपर बस रायपुर से किरंदुल जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे धुरली के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हादसे में ललिता साहू, शुभम, बलराम, दीपक और संतोष सहित 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं।

घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बस का कंडक्टर और अन्य स्टाफ भी घायल हुए हैं। दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे।

भांसी थाना प्रभारी निर्मल वर्मा के अनुसार यह हादसा भांसी थाना क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने बताया कि यात्रियों से भरी महेंद्रा ट्रेवल्स की बस धुरली के पास मंगलवार सुबह करीब साढे 4 बजे के आसपास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। तड़के अंधेरा होने के कारण भांसी थाना पुलिस के जवानों ने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बस के कांच तोड़कर फंसे हुए सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को बचेली के एनएमडीसी अस्पताल में तो कुछ को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर इलाज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा