home page

छग बोर्ड परीक्षा : कड़ी सुरक्षा में 49,785 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण

 | 
छग बोर्ड परीक्षा : कड़ी सुरक्षा में 49,785 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण


धमतरी, 05 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन इस वर्ष कड़े सुरक्षा प्रबंधों और निर्धारित नियमों के तहत सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

जिले में कुल 49,785 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रथम चरण में ही तय समय से पहले संपन्न कर लिया गया, जो प्रशासनिक दक्षता और बेहतर समन्वय का उदाहरण माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए शिवसिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था। यहां 305 मूल्यांकनकर्ताओं की टीम ने निरंतर कार्य करते हुए समय सीमा से पहले ही मूल्यांकन पूरा कर लिया।

केंद्र प्रभारी बी. मैथ्यू के अनुसार, कक्षा 12वीं की 13,665 तथा कक्षा 10वीं की 36,117 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुई थीं। सभी विषयों की कॉपियों का मूल्यांकन गंभीरता और सावधानी के साथ किया गया, क्योंकि बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाएं छात्रों के भविष्य से सीधे जुड़ी होती हैं। इस बार बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह से शुरू होकर मार्च तक संचालित हुईं, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया भी समय से पहले शुरू हो सकी। परिणामस्वरूप, प्रथम चरण का कार्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया।

मूल्यांकन केंद्र में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। मूल्यांकन कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, इसी तरह से मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी गई। सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा