home page

राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने संगठन को सशक्त बनाने एवं सामाजिक समरसता के विस्तार का दिया मंत्र

 | 
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने संगठन को सशक्त बनाने एवं सामाजिक समरसता के विस्तार का दिया मंत्र


भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक सम्पन्न

रायपुर 18 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार राम की विशेष उपस्थिति रही।

बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा प्रदेशभर में किए गए संगठनात्मक कार्यों, सामाजिक गतिविधियों एवं जनसेवा के कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। मंडल एवं जिला स्तर पर संगठन की सक्रियता को और प्रभावी बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। आगामी समय के लिए मोर्चा की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक निरंतर संपर्क एवं संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सामाजिक समरसता को संगठन की प्राथमिकताओं में रखते हुए समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद, संपर्क एवं सहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। समरस समाज के निर्माण के लिए संगठनात्मक स्तर पर निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। कार्यसमिति में यह संकल्प व्यक्त किया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा समाजहित से जुड़े कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाई जाएगी और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश कार्यसमिति में संगठन को जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से निरंतर जोड़ने पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, संवाद और सक्रिय सहभागिता को संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं समाज के बीच संगठन की सक्रियता को और व्यापक बनाना रहा।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए संगठन को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया। श्री राम ने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन एवं सक्रियता को मजबूत करने पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। श्री साय ने कार्यकर्ताओं को संगठन की शक्ति और विस्तार का आधार बताते हुए निरंतर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।

बैठक में कैबिनेट मंत्रीगण दयालदास बघेल, गुरु खुशवंत साहेब एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वरिष्ठ नेताओं ने अनुसूचित जाति समाज के उत्थान, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए संगठन की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर विचार रखे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। अनुसूचित जाति समाज के सम्मान, अधिकार, अवसर एवं सशक्तीकरण के लिए संगठन को निरंतर सक्रिय रखने का संकल्प लिया गया।

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, विधायक व पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा श्रीमती कमला पाटले तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खूंटे एवं चंद्रप्रकाश सूर्या सहित समस्त प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्षगण बैठक में उपस्थित रहे। प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर अपने विचार एवं सुझाव भी साझा किए।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की यह प्रदेश कार्यसमिति बैठक संगठनात्मक समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्ययोजना, सामाजिक समरसता, जनसेवा, संगठन विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण रही। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से मोर्चा को प्रदेशभर में और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने की दिशा में नई ऊर्जा मिली। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा छत्तीसगढ़ सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ निरंतर जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल