भाजपा ने ही ओबीसी समाज को दिया सर्वाधिक सम्मान, कांग्रेस की नीति केवल विरोध की : ललित चन्द्राकर
रायपुर, 28 नवम्बर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं विधायक ललित चन्द्राकर ने कहा है कि, राजनीतिक दृष्टि से यदि किसी दल ने ओबीसी समाज को वास्तविक सम्मान दिया है, तो वह केवल भाजपा है। चन्द्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओबीसी वर्ग के उत्थान के लिए न केवल अलग मंत्रालय का गठन किया गया, बल्कि निरंतर जनकल्याणकारी योजनाएँ भी चलाई जा रही हैं। आज सांसद, विधायक और मंत्री से लेकर विभिन्न जनप्रतिनिधियों के रूप में ओबीसी वर्ग की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री चन्द्राकर ने शनिवार को रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में आयोजित पत्रकारवार्ता को सम्बोधित करते हुए चन्द्राकर ने अपनी नई जिम्मेदारी के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रीय महामंत्री जैसा महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना सौभाग्य की बात है। यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ और देश के हर उस कार्यकर्ता का सम्मान है जो निष्ठा से संगठन के लिए कार्य करता है। चन्द्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि नेतृत्व ने जिस विश्वास और विचार के साथ उन्हे यह जिम्मेदारी दी है, वे उसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ धरातल तक ले जाएंगे। चन्द्राकर ने कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता योग्य है और पार्टी उसकी क्षमता के अनुरूप समय-समय पर दायित्व बदलती रहती है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री चन्द्राकर ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में 60-65 वर्षों तक शासन किया, लेकिन जनहित और देशहित में अपेक्षित कार्य नहीं किया। आज कांग्रेस की स्थिति क्षेत्रीय दलों से भी बदतर हो गई है और केवल विरोध के लिए विरोध करना ही उसकी आदत बन चुकी है। कांग्रेस जनता की नब्ज समझने में विफल रही है, क्योंकि उसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है, जबकि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। चंद्राकर ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे पूरे देश में प्रवास कर संगठनात्मक कार्यों को गति देंगे और अधिक से अधिक ओबीसी भाई-बहनों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य खम्मन ताम्रकार, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा, उपकार चंद्राकर, प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू तथा सह-प्रभारी श्रवण यदु प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
----------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

