home page

छत्तीसगढ़ में औसतन सौ प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज

 | 
छत्तीसगढ़ में औसतन सौ प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज


रायपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में बारिश की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून 2026 से 28 अगस्त 2026 तक राज्य में औसतन 855.9 मि.मी. बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि बीते 10 वर्षों के औसत 849.3 मि.मी. की तुलना में 100.8 प्रतिशत है। अकेले 28 अगस्त को ही प्रदेश भर में औसतन 6.4 मि.मी. बारिश दर्ज की गई।

राज्य के विभिन्न संभागों और जिलों में बारिश का वितरण काफी विविधतापूर्ण रहा है, जहाँ कुछ जिलों में रिकॉर्ड तोड़ वर्षा हुई है वहीं कुछ इलाकों में अब भी मानसून की गति थोड़ी धीमी बनी हुई है।

सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में मानसून की सबसे अधिक मेहरबानी देखने को मिली है, जहाँ औसत की तुलना में 157.7 प्रतिशत यानी 1164.4 मि.मी. बारिश हो चुकी है और यहाँ आज भी सर्वाधिक 29.3 मि.मी. पानी बरसा। संभाग के अन्य जिलों जैसे सूरजपुर में 963.5 मि.मी. (109.6प्रतिशत), मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 920.0 मि.मी. (116.7प्रतिशत), कोरिया में 702.3 मि.मी. (89.9प्रतिशत) और जशपुर में 716.9 मि.मी. (86.9प्रतिशत) बारिश दर्ज की गई है, जहाँ आज 16.9 मि.मी. पानी गिरा। वहीं सरगुजा जिला अब भी वर्षा के मामले में थोड़ा पीछे है, जहाँ अब तक औसत की केवल 77.1 प्रतिशत (504.4 मि.मी.) ही बारिश हुई है।

मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर और बिलासपुर संभाग में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। प्रदेश में प्रतिशत के आधार पर सबसे अधिक 166.0 प्रतिशत बारिश सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दर्ज की गई है, जहाँ कुल 1088.5 मि.मी. पानी बरसा है। रायपुर जिले में 920.0 मि.मी. (130.7प्रतिशत) और महासमुंद में 1017.9 मि.मी. (130.7प्रतिशत) बारिश के साथ आंकड़े बेहद मजबूत हैं। इसी क्रम में गरियाबंद में 989.2 मि.मी. (120.4प्रतिशत), बलौदाबाजार में 898.7 मि.मी. (114.4प्रतिशत) तथा धमतरी जिले में 833.6 मि.मी. (101.5प्रतिशत) बारिश हुई है। बिलासपुर संभाग में मुंगेली जिला 896.8 मि.मी. (120.5प्रतिशत) और जांजगीर-चांपा 1025.7 मि.मी. (114.6प्रतिशत) वर्षा के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि बिलासपुर में 890.7 मि.मी. (109.2प्रतिशत), सक्ती में 846.2 मि.मी. (105.8प्रतिशत), कोरबा में 953.2 मि.मी. (105.0प्रतिशत) तथा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 831.2 मि.मी. (102.7प्रतिशत) वर्षा दर्ज हुई है। कोरबा में आज भी 24.1 मि.मी. की अच्छी बारिश हुई, जबकि रायगढ़ जिला 891.2 मि.मी. (99.8प्रतिशत) वर्षा के साथ सामान्य स्थिति के बेहद करीब है।

दुर्ग संभाग के मैदानी इलाकों में बारिश का मिला-जुला असर दिख रहा है। बालोद जिले में सामान्य से अधिक 844.6 मि.मी. (108.2प्रतिशत) बारिश हो चुकी है, वहीं दुर्ग जिला 636.5 मि.मी. (100.4प्रतिशत) के साथ बिल्कुल सामान्य स्तर पर बना हुआ है। राजनांदगांव 698.0 मि.मी. (99.3प्रतिशत) और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई 583.5 मि.मी. (95.4प्रतिशत) के साथ सामान्य के आंकड़े को छू रहे हैं। हालांकि कबीरधाम में 550.1 मि.मी. (85.6प्रतिशत), बेमेतरा में 493.7 मि.मी. (78.2प्रतिशत) और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 689.3 मि.मी. (70.6प्रतिशत) वर्षा के साथ स्थिति थोड़ी धीमी बनी हुई है।

दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में नारायणपुर जिला 1260.9 मि.मी. (121.3प्रतिशत) बारिश दर्ज कर पूरे संभाग में सबसे आगे है, जहाँ आज 21.5 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा जिले में 1063.2 मि.मी. (95.4प्रतिशत) बारिश के साथ जल स्तर बेहतर है। बीजापुर में कुल वर्षा का आंकड़ा 1213.9 मि.मी. पहुँच चुका है जो औसत का 80.0 प्रतिशत है, वहीं सुकमा में 846.1 मि.मी. (72.3प्रतिशत), कोण्डागांव में 758.9 मि.मी. (80.2प्रतिशत) और बस्तर जिले में 837.3 मि.मी. (77.8प्रतिशत) बारिश दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में औसतन प्रतिशत के लिहाज से सबसे कम वर्षा कांकेर जिले में 713.1 मि.मी. (65.6प्रतिशत) दर्ज की गई है, हालांकि यहाँ आज 12.5 मि.मी. बारिश दर्ज की गई ।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा