अंबिकापुर : नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसे, दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन युवक गंभीर
अंबिकापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर बीती देर रात करीब 1 बजे हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। सलका मोड़ से डूमरडीह सोसायटी के बीच हुए इन हादसों में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना में एक बाइक सवार दो युवक मवेशी से टकरा गए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना में एक अन्य बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों का शिकार हो गया। हादसे में कोसगा निवासी प्रमोद और नरकालो निवासी दिनेश (पिता शुकुल) डीलक्स बाइक क्रमांक सीजी 15 डीके 1303 पर सवार थे, जबकि ग्राम मांजा निवासी खीरू बरगाह दूसरी बाइक पर सवार था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवक राहुल सिंह, उदयपुर थाना के प्रधान आरक्षक संजय नागेश, आरक्षक प्रवीण सहित अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उदयपुर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया है।
मौके पर मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

