दंतेवाड़ा के बचेली मार्ग पर अनियंत्रित कार पलटी, आठ घायल, एक गंभीर
दंतेवाड़ा, 29 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र अंर्तगत बचेली मार्ग पर रायपुर से किरंदुल जा रही एक आर्टिका कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खेत में जा गिरी। हादसे में कार सवार 6 महीने की बच्ची सहित 8 लोग घायल हो गए हैं। जिनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।पुलिस से आज रविवार काे मिली जानकारी के अनुसार हादसा बीती रात 11 बजे हुआ, कार में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 3 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 छोटे बच्चे शामिल हैं। सभी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं, सभी पारिवारिक कार्यक्रम से किरंदुल जा रहे थे। हादसे के दौरान 6 महीने की मासूम बच्ची कार से बाहर जा गिरी और एक पेड़ में अटक गई, जिससे उसके सिर पर चोटें आई हैं। तेज आवाज सुनकर पास में ही स्थित क्रशर प्लांट के कर्मचारी और मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली पहुंचाया गया। घायलों में एक महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

