home page

बलरामपुर : जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया हुई आसान, विद्यार्थियों के लिए लगाए जा रहे विशेष शिविर

 | 
बलरामपुर : जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया हुई आसान, विद्यार्थियों के लिए लगाए जा रहे विशेष शिविर


बलरामपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के स्कूली विद्यार्थियों को समय पर जाति, निवास और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत, आज शनिवार राजस्व विभाग की टीम विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों के आवेदन लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

विशेष शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देना है।

शिविरों में राजस्व विभाग के अधिकारी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही आवेदन भरवाने, दस्तावेजों का सत्यापन और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है।

राजस्व विभाग का मैदानी अमला विद्यालयों में पहुंचकर आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। इससे विद्यार्थियों को बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने में सुविधा हो रही है।

जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने विकासखंड में निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर जाति, निवास और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन करें, ताकि भविष्य में प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय