home page

नवागढ़ के जगमहंत में सीईओ जिला पंचायत ने सौंपी पीएम आवास हितग्राहियों को खुशियों की चाबी

 | 
नवागढ़ के जगमहंत में सीईओ जिला पंचायत ने सौंपी पीएम आवास हितग्राहियों को खुशियों की चाबी


कच्चे मकानों से पक्के आशियानों तक पहुंचा 8,546 परिवारों का सफर, पक्के घर का सपना हुआ साकार

जांजगीर-चांपा, 11 सितंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने जांजगीर-चांपा जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की है। योजना के तहत जिले में दो वित्तीय वर्षों में 8,546 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए हैं। इन नवनिर्मित आवासों में आज शुक्रवार काे जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपकर उनके नए पक्के घर में गृह प्रवेश कराया गया।

सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में पीएम आवास ग्रामीण के हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भी गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रमों की कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत जगमहंत पहुंचकर पीएम आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राही को ‘खुशियों की चाबी’ सौंपी और विधि-विधान से उनके नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश कराया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ पोयाम ने हितग्राही को नए घर के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “यह आपकी खुशियों की चाबी है। अब इस घर की जिम्मेदारी आपकी है। इसे बेहतर तरीके से संभालकर रखें और अपने परिवार के साथ सुख-शांति से रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT