home page

एनक्वास मूल्यांकन के लिए 30 नंवबर को जिला अस्पताल पहुंचेगी केंद्रीय टीम

 | 
एनक्वास मूल्यांकन के लिए 30 नंवबर को जिला अस्पताल पहुंचेगी केंद्रीय टीम


12 विभागों का होगा निरीक्षण

धमतरी, 28 नवंबर (हि.स.)। जिला अस्पताल धमतरी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए 30 नवंबर को केंद्रीय टीम निरीक्षण करने पहुंचेगी। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) के तहत होने वाले इस मूल्यांकन में टीम अस्पताल के लगभग 12 विभागों का निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के आधार पर अंक प्रदान करेगी। इन्हीं अंकों के आधार पर राज्यस्तर पर जिला अस्पताल की स्थिति तय होगी।

जानकारी के अनुसार बेहतर अंक हासिल करने वाले अस्पतालों को निर्धारित प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। पिछले कई वर्षों से भवन संबंधी समस्याओं के चलते जिला अस्पताल इस प्रतिस्पर्धा में अपेक्षित रूप से शामिल नहीं हो पा रहा था, लेकिन इस बार नए भवन के साथ पुराने भवन का भी रंगरोगन कराकर अस्पताल प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस बार एनक्वास के साथ मुस्कान और लक्ष्य कार्यक्रम को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया है। मुस्कान के तहत बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं और लक्ष्य के अंतर्गत महिलाओं से संबंधित विभागों का निरीक्षण किया जाएगा। केंद्रीय टीम में डॉ. रावेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह और मिस्टर स्वामी शामिल रहेंगे, जो अलग-अलग राज्यों से धमतरी पहुंचेंगे।

उल्लेखनीय है कि एनक्वास का पूरा नाम राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक है। यह भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की व्यवस्था है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें अस्पताल की स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा, दवाइयों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी जाती है। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को प्रमाणपत्र दिया जाता है, जिसकी वैधता सामान्यतः तीन वर्ष होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा