home page

सूरजपुर : जनगणना 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, मकान सूचीकरण के लिए जिला स्तरीय ट्रेनिंग संपन्न

 | 
सूरजपुर : जनगणना 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, मकान सूचीकरण के लिए जिला स्तरीय ट्रेनिंग संपन्न


सूरजपुर, 20 मार्च (हि.स.)। सूरजपुर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 18 मार्च से शुरू होकर 20 मार्च को संपन्न हो गया।

प्रशिक्षण समापन के अवसर पर कलेक्टर एस. जयवर्धन ने जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना को सुव्यवस्थित, सटीक और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना रहा। तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के निर्माण, मकानों की नंबरिंग, ब्लॉक का नजरिया नक्शा तैयार करने, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं सुपरवाइजर की नियुक्ति प्रक्रिया तथा सीएमएमएस पोर्टल पर कार्य संपादन की बारीकियों को विस्तार से समझाया गया। साथ ही जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स अब अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना का कार्य जमीनी स्तर तक सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुनील अग्रवाल, मास्टर ट्रेनर पी.सी. सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय