शहर से गांव तक जनगणना शुरू, कलेक्टर मिश्रा से भरा पहला फार्म
धमतरी, 01 मई (हि.स.)। जिले में एक मई से डोर टू डोर जनगणना कार्य की शुरुआत हो गई है। पहले ही दिन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण किया। इस दौरान ग्राम रुद्री में प्रगणक ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से जनगणना की जानकारी लेकर पहला फार्म भरा। कलेक्टर ने सभी बिंदुओं पर पूछे गए सभी सवालों के स्पष्ट उत्तर देते हुए प्रक्रिया में सहयोग किया और जनगणना की कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से अपनी जानकारी पहले ही दर्ज कराई थी। उन्होंने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि देश की विकास योजनाओं और नीतियों की आधारशिला है। सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन के लिए पूरी तैयारी के साथ कार्य करें।कलेक्टर ने प्रगणकों को नागरिकों से विनम्र संवाद स्थापित करने, गोपनीयता बनाए रखने तथा प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए।भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव के उपाय अपनाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य चरणबद्ध एवं बहुस्तरीय है जिसे टीम वर्क और बेहतर समन्वय से ही सफल बनाया जा सकता है। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी जनगणना मनोज मरकाम, अतिरिक्त तहसीलदार मधुकर सिरमौर तथा राजस्व निरीक्षक भू-अभिलेख दीपचंद भारती ने ग्राम रुद्री में संचालित जनगणना कार्य का निरीक्षण किया।
इन 33 बिंदुओं पर देनी होगी विस्तृत जानकारी:
जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से 33 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली जाएगी। इसमें मकान के संबंध में सात प्रश्न, परिवार के संबंध में आठ प्रश्न, घर की बुनियादी जरूरतें बिजली, पेयजल, शौचालय, नाली निकासी आदि के 10 प्रश्नों की जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही घरेलू उपकरणों की उपलब्धता रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, वाहन सहित अन्य आठ बिंदुओं की जानकारी ली जाएगी।
1439 इकाइयों का होगा सर्वे, 1617 कर्मचारियों की तैनाती
भारत की जनगणना 2027 के तहत जिले के 627 ग्राम और 140 शहरी वार्डों को सम्मिलित किया गया है। पूरे जिले में कुल 1439 हाउस लिस्टिंग इकाइयों का सर्वे किया जाएगा। इस कार्य के लिए 1247 प्रगणक तैनात किए गए हैं वहीं 126 प्रगणकों को रिजर्व में रखा गया है। इस प्रकार प्रगणकों की कुल संख्या 1373 है। वहीं पर्यवेक्षण कार्य के लिए 216 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं और 28 को रिजर्व में रखा गया है जिससे उनकी कुल संख्या 244 हो जाती है। इस तरह जनगणना कार्य के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1617 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

