home page

अम्बिकापुर : पुलिस ने आठ भैंसों से लदे दो पिकअप पकड़े, पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
अम्बिकापुर : पुलिस ने आठ भैंसों से लदे दो पिकअप पकड़े, पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


अम्बिकापुर, 06 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चैनपुर काजूबाड़ी के पास मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रविवार को बूचड़खाने ले जाए जा रहे 8 मवेशियों (भैंसों) को छुड़ाते हुए दो पिकअप वाहनों सहित करीब 12 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस कार्रवाई में मौके से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि चैनपुर काजूबाड़ी के पास कुछ लोग मवेशियों को जबरन पिकअप वाहनों में ठूंस रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। जांच के दौरान दो पिकअप वाहन यूपी 25 केटी 0155 और यूपी 25 जेटी 4974 पाए गए, जिनमें चार-चार भैंसों को बेहद क्रूरतापूर्वक बांधकर लादा गया था। दम घुटने और अत्यधिक प्रताड़ना के कारण इनमें से 2 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि शेष 6 मवेशी गंभीर हालत में जिंदा मिले।

मौके पर मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान सूरज सारथी (32 वर्ष, चैनपुर टिकरापारा), नितिश राणा (25 वर्ष, बरेली, उ.प्र.), जमीन उर्फ जमीर अंसारी (42 वर्ष, मूल निवासी एटा, उ.प्र.), मोहम्मद अयूब (45 वर्ष) और मोहम्मद जुनैद (18 वर्ष 06 माह, दोनों निवासी बदायूं, उ.प्र.) के रूप में हुई। आरोपितों से जब मवेशी परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके।

पुलिस ने तत्काल दोनों पिकअप वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया। मृत दोनों मवेशियों का खंड पशु चिकित्सक लखनपुर से पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि जीवित 6 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। थाना लखनपुर में आरोपितों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 234/26 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत वैधानिक कार्रवाई कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस पूरी कार्रवाई में लखनपुर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उपनिरीक्षक मनीष तिवारी, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, पीतांबर सिंह, आरक्षक दशरथ राजवाड़े, आशीष चौहान, चित्रसेन प्रधान, कुश कुमार सोनी, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र लकड़ा और नमिष सिंह की भूमिका सराहनीय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह