home page

ओडिशा के कत्लखाने ले जा रहे 14 मवेशियों को कराया मुक्त, आरोपित गिरफ्तार

 | 
ओडिशा के कत्लखाने ले जा रहे 14 मवेशियों को कराया मुक्त, आरोपित गिरफ्तार


धमतरी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। गौवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ धमतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 मवेशियों को मुक्त कराया है। मवेशियों को क्रूरतापूर्वक हांककर ओडिशा के नवरंगपुर स्थित कत्लखाने ले जाने के आरोप में बोराई पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोतिमडीह-लिखमा मुख्य मार्ग के पास से मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही बोराई पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर मवेशियों के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपित अमरचंद नेताम (45), निवासी आमगांव, थाना बोराई, जिला धमतरी ने मवेशियों को मारते-पीटते हुए ओडिशा के नवरंगपुर स्थित कत्लखाने ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन और खरीदी-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 11 गाय, दो बैल और एक बछिया सहित कुल 14 मवेशियों को जब्त किया। इनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। सभी मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद सुरक्षित रखरखाव और देखभाल के लिए पंडरीपानी स्थित गौशाला को सुपुर्दनामा पर सौंप दिया गया।

मामले में थाना बोराई में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपित अमरचंद नेताम, निवासी आमगांव (आमानारा), थाना बोराई, जिला धमतरी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से गौवंश की अवैध तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पशुओं के संरक्षण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा